उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन घुरकडी कांगड़ा के सभागार में स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कॉलेज प्रांगण तिरंगे की शोभा और रंग-बिरंगी सजावट से देशभक्ति और भक्ति भाव के रंग में रंगा नज़र आया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित से हुआ। तत्पश्चात छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं, भाषण और नृत्य प्रस्तुत कर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

दोपहर बाद कार्यक्रम का दूसरा चरण जन्माष्टमी महोत्सव के रूप में आरंभ हुआ। जिसके अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित भाषण और विभिन्न प्रस्तुतियां हुईं। राधा कृष्ण की जोड़ी और छात्राओं की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भी सभी का उत्साह देखने लायक था। रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धजकर आए प्रतिभागियों ने भजन, कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. सुमन शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी का बोध कराता है, जबकि जन्माष्टमी का पर्व हमें धर्म, सत्य और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ अपने सांस्कृतिक मूल्यों को भी सहेजकर रखें।





