प्रागपुर में अंडर-14 जिला स्तरीय मुख्य खेलों का भव्य समापन, विजेताओं को किया सम्मानित

उज्जवल हिमाचल प्रागपुर

राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाल (सीबीएसई )प्रागपुर में आयोजित अंडर-14 जिला स्तरीय मुख्य खेलों का समापन समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में प्रधानाचार्य मुनीश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल स्कूल प्रागपुर के खिलाड़ियों ने कुश्ती में शानदार प्रदर्शन किया। 68 किलोग्राम भार वर्ग में अंकुश (9वीं) ने स्वर्ण, 33 किलोग्राम में शगुन (9वीं) ने स्वर्ण, 30 किलोग्राम में आराध्या ने कांस्य, 42 किलोग्राम में काव्या ने कांस्य, 38 किलोग्राम में नितीश (9वीं) ने रजत और 41 किलोग्राम में निलेश (8वीं) ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विभिन्न खेलों के परिणाम
हैंडबॉल – विजेता: कोमेट मानसा पब्लिक स्कूल देहरी, उपविजेता: जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा
बास्केटबॉल – विजेता: कोमेट मानसा पब्लिक स्कूल देहरी, उपविजेता: सेक्रेड सोल पब्लिक स्कूल रोड़
हॉकी – विजेता: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर, उपविजेता: जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा
कुश्ती समग्र – विजेता: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर, उपविजेता: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेहन

समापन समारोह का मुख्य आकर्षण मार्च-पास्ट प्रतियोगिता रही, जिसमें राजकीय मॉडल स्कूल प्रागपुर ने लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोनों ट्रॉफियां अपने नाम कीं।

इस अवसर पर खेलों के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला विद्यालय खेल संघ के अधिकारियों एवं विशेष अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य मुनीश कुमार शर्मा ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।

प्रागपुर के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालक) में अंडर-14 जिला स्तरीय मुख्य खेलों के समापन समारोह में विजेता टीमों को पुरस्कृत करते हुए प्रधानाचार्य मुनीश कुमार शर्मा व अन्य।

 

संवाददाता : सन्नी शर्मा

Please share your thoughts...