श्री नैना देवी में माघ मास के शुक्ल पक्ष की गुप्त नवरात्रि से श्रद्धा व उल्लास के साथ आरंभ

उज्जवल हिमाचल ।बिलासपुर

विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में से माता जी के माघ मास के शुक्ल पक्ष की गुप्त नवरात्रि बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के वातावरण में शुरू हो गई हैं। गुप्त नवरात्रों के प्रथम दिन प्रातःकाल माता श्री नैना देवी जी की विधिवत आरती व पूजा-अर्चना के साथ नवरात्रों का शुभारंभ किया गया। मान्यता है कि वर्ष में कुल चार नवरात्रि मनाई जाती हैं, जिनमें से दो गुप्त नवरात्रि आषाढ़ मास और माघ मास में होती हैं, जबकि चैत्र मास और आश्विन मास की नवरात्रि सार्वजनिक रूप से श्रद्धालुओं द्वारा धूमधाम से मनाई जाती हैं। गुप्त नवरात्रों का भी अपना विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।

इन गुप्त नवरात्रों के अवसर पर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए श्री नैना देवी धाम पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन व मंदिर न्यास द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, सफाई और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर के पुजारी नीलम शर्मा ने बताया कि माता जी के गुप्त नवरात्रों का विशेष महत्व है। इन दिनों साधक और श्रद्धालु विशेष साधना, जप और पूजा करते हैं। गुप्त नवरात्रों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। जय माता दी के जयकारों से पूरा श्री नैना देवी धाम भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया है।