गोल्डन ट्यूलिप होटल चेन के साथ HIET के साथ एमओयू, प्रशिक्षण व प्लेसमेंट के मिलेंगे नए अवसर

उज्जवल हिमाचल शाहपुर

हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (HIET) ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शाहपुर ने विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिष्ठित होटल चेन गोल्डन ट्यूलिप प्राइवेट लिमिटेड, पंचकूला-चंडीगढ़ के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में HIET ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर दुष्यंत कसिथा, प्रिंसिपल, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्थान प्रबंधन ने कहा कि HIET का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं और कार्य संस्कृति से भी परिचित कराना है। गोल्डन ट्यूलिप के साथ हुई यह साझेदारी विद्यार्थियों को होटल एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग के व्यावहारिक पहलुओं को समझने और पेशेवर अनुभव प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।

समझौते के तहत छात्रों को फूड एंड बेवरेज सर्विस, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड प्रोडक्शन, गेस्ट सर्विस तथा बैंक्वेट ऑपरेशंस जैसे प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और जॉब ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी। इसके अलावा होटल संचालन, गुणवत्ता मानकों, स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर्स (SOPs), प्रोफेशनल ग्रूमिंग और ग्राहक सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

संस्थान प्रबंधन के अनुसार यह साझेदारी विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता और रोजगार क्षमता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में सफल करियर बनाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एमओयू दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। शिक्षा, कौशल विकास और छात्र सफलता की दिशा में यह समझौता एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी पहल माना जा रहा है।