उज्ज्वल हिमाचल। मंडी
हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश जमकर कहर बरपा रही है। मंडी जिले में बीती रात से मूसलाधार बारिश कहर बनकर बरस रही है। जिले में करसोग और धर्मपुर में बादल फटने और फ्लैश फ्लड की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा जिले में गोहर व सदर उपमंडल में लैंडस्लाइड और जलभराव की घटनाओं से भी भारी नुकसान हुआ है। जिलेभर में अभी भी भारी बारिश का दौर जारी है। जिसे लेकर प्रशासन भी अलर्ट पर है। जिसके चलते जिले में सभी शिक्षण संस्थान आज भी बंद है। ब्यास नदी का जलस्तर भी बहुत बढ़ गया है। ब्यास नदी इस समय अपने पूरे रौद्र रूप में बह रही है।

करसोग में फ्लैश फ्लड
करसोग के पुराना बाजार कुट्टी, बरल, ममेल और भ्याल क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड की वजह से कई गाड़ियां बह गई और घरों को नुकसान पहुंचा है। इस आपदा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि 4 लोग लापता हो गए हैं., जिनके लिए राहत-बचाव कार्य जारी है। करसोग के डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया, “राहत बचाव का कार्य जारी है और 25 से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।

स्यांज नाले में बहा घर, 9 लोग लापता
गोहर उपमंडल के स्यांज नाले में आई भयंकर बाढ़ में एक मकान बह गया। बाढ़ में बहने से मां-बेटी को बचा लिया गया, मगर सात लोग अब भी लापता हैं।





