हिमाचलः जयराम के घर में दहाडी प्रतिभा-सराज का विकास स्व. राजा साहब की देन

हिमाचलः जयराम के घर में दहाडी प्रतिभा-सराज का विकास स्व. राजा साहब की देन

उज्जवल हिमाचल। मंडी
अपने चार दिवसीय मंडी दौरे के पहले दिन सांसद व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (Former CM Jairam Thakur) के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज में हुए तमाम विकास कार्यों को छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की देन बताया। प्रतिभा सिंह ने सराज विधानसभा क्षेत्र के जिला स्तरीय कुथाह मेले के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का अहम् योगदान रहा है।

उनके कार्यकाल के दौरान सराज विधानसभा क्षेत्र में अनेकों शिक्षण संस्थान खोले गए हैं। इन शिक्षण संस्थानों के खुलने से यहां की बेटियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए कहीं बाहर नहीं जाना पड़ता है। वहीं प्रतिभा सिंह ने कहा कि सराज में दर्जनों सड़कें भी पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह की ही देन है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पुराने समय में जब महिलाओं को सिर्फ घर के काम का तक ही सीमित रखा जाता था तो वह दौर भी उन्होंने देखा है। लेकिन आज ऐसा दौर है जब महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। यह सब संभव पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के प्रयासों के कारण ही संभव हो पाया है।

यह भी पढ़ेंः हिमाचलः सिगरेट और तंबाकू एक धीमा जहर, नशे से बचें लोगः संजय अवस्थी

प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश में एक ऐसा दौर था जब महिलाओं को घर में चूल्हा चौका जलाने तक ही समझा जाता था। उन्होंने कहा जब पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश की कमान अपने हाथों में संभाली तो उन्होंने पंचायती राज की स्थापना कर महिला आरक्षण के लिए क्रांतिकारी कदम उठाया था।

राजीव गांधी के उस कदम के कारण ही आज वह भी सांसद बन पाई है। वहीं उन्होंने कहा कि मेले हमारी संस्कृति के परिचायक हैं और सराज वासियों ने अपनी परम्पराओं और संस्कृति को जीवित रखा है। कुथाह मेला आज भी पुराने दिनों की रौनक को बनाए हुए है। हमें इन परम्पराओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजना है।

उन्होंने सभी को मेले की बधाई देते हुए देवी-देवताओं से सब पर आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की। इससे पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने छतरी में ग्राम पंचायत काकड़ाधार, मेहरीघाट, ब्रयोगी, गतु, झरेड़, बगड़ाथाच, बहली तथा छतरी के लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने छतरी से मगरूगला वाया ब्रयोगी पथ परिवहन निगम की बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने तुंगासी महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।