उज्ज्वल हिमाचल। शाहपुर
हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एचआईईटी), शाहपुर के विधि विभाग—हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (एचआईएलएस), शाहपुर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की तीसरी राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार, ट्रॉफी एवं 5,000 रुपये की राशि अपने नाम की। डीडीएम साईं लॉ कॉलेज, कल्लर, हमीरपुर में 25 एवं 26 सितंबर, 2026 को आयोजित इस राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में विभिन्न विधि महाविद्यालयों एवं संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। एचआईएलएस शाहपुर की ओर से इशिता, निवेषिता और श्रिया दत्ता, बीए एलएलबी पांचवें सेमेस्टर की छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में कुल पांच चरण आयोजित किए गए, जिनमें एक प्रारंभिक चरण, दो क्वालीफायर चरण, सेमीफाइनल तथा फाइनल चरण शामिल थे। एचआईएलएस शाहपुर की टीम ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में अपने उत्कृष्ट कानूनी ज्ञान, गहन शोध, प्रभावी तर्क-वितर्क एवं शानदार प्रस्तुति का प्रदर्शन किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर टीम ने सेमीफाइनल चरण के लिए क्वालीफाई किया। टीम के उत्कृष्ट कानूनी शोध कार्य को देखते हुए एचआईएलएस शाहपुर की प्रतिभागी को राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत, कानूनी शोध क्षमता, विषय की गहन समझ और प्रभावी तैयारी का प्रमाण है।
महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक ने विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की विधिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस उपलब्धि पर एचआईईटी शाहपुर के प्रबंधन, विधि विभाग के प्राचार्य डॉ. अनुपम मनहास, शिक्षकों एवं समस्त संस्थान परिवार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्राप्त करना तथा सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना एचआईएलएस शाहपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।





