जोगिंद्रनगर के कोटला में भूमि विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर पथराव, एक अधिकारी घायल

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

जिला मंडी के जोगेंद्रनगर उपमंडल में बड़ा बवाल हो गया। भूमि विवाद निपटाने पंहुची पुलिस पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला बोल दिया। पुलिस थाना जोगेंद्रनगर एक एक अधिकारी पर पत्थर बरसाये गए, उन्हें गंभीर चोट पहुंची हैं। दो पक्षों में हुई मारपीट के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। भारी पुलिस बल मौके पर पंहुचा। पुलिस के उच्च अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार उपमंडल के नेरी के कोटला गांव में यह घटना पेश आई है। विवाद को काबू करने के लिए पुलिस थाना जोगिंद्रनगर की सभी चौकियों का पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।

भूमि विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद क्‍यों हुआ, यह जांच का विषय है। खैर पुलिस के बड़े अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद पुलिस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस यहां कोर्ट के आदेश की अुनपालना करवाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान दोनों पक्ष के बीच विवाद हो गया व उन्‍होंने पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव के दौरान ही एक पुलिस अधिकारी को सिर में चोट लग गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।