पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त

उमेश भारद्वाज। मंडी

पूर्व विधायक व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सोहनलाल ठाकुर को कांग्रेस संगठन में अहम पद मिलने पर सुंदरनगर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इस खुशी के मौके पर ब्लॉक कांग्रेस सुंदरनगर द्वारा शनिवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस समारोह का आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने सोहन लाल ठाकुर का माल्यार्पण और मिष्ठान वितरण कर बधाई दी। इस मौके पर आतिशबाजी एवं पटाखे फोड़ कर कार्यकर्ताओं ने खुशी भी मनाई। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, अनुसूचित जाति संगठन, किसान मजदूर संगठन, सेवादल संगठन, एनएसयूआई और अन्य अग्रणी संगठनों व कार्यकर्ताओं ने सोहन लाल ठाकुर को सम्मानित किया।

इस ताजपोशी के लिए ब्लॉक कांग्रेस व सभी कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, वेणुगोपाल, हिमाचल के प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त और गुरकीरत सिंह कोटली का धन्यवाद किया।