हिमाचल : पुलिस ने पकड़ी नशे की बड़ी खेप, चिट्टे सहित धरा आरोपी

उज्ज्वल हिमाचल। कुल्लू

नशे के खिलाफ जारी मुहिम के तहत मनाली पुलिस को एक तस्कर को चिट्टे की भारी खेप बरामद की है। आरोपी युवक पंजाब का रहने वाला है, और फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनाली थाना की एक टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियों पर संदेह होने पर उसे रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के पास से 10.790 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। यह मात्रा वाणिज्यिक श्रेणी की मानी जाती है, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है।

आरोपी की पहचान तरसेम सिंह (40) पुत्र राम सिंह, मकान नंबर-49, वार्ड नंबर-28, पीपल वाला चौक, नजदीक माल सिंह गुरुद्वारा, जिला मोगा (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था, और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह किसी बड़े नशा तस्कर गिरोह से जुड़ा हुआ है।