राष्ट्रीय महिला टीम शतरंज प्रतियोगिता में हिमाचल की पलक ने प्राप्त किया तीसरा स्थान

Himachal's Palak secured third position in National Women's Team Chess Championship

उज्जवल हिमाचल। नादौन

10 से 16 फरवरी तक तमिलनाडु में राष्ट्रीय टीम शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ जिसमें हिमाचल प्रदेश से पुरुष व महिला वर्ग में प्रत्येक में तीन-तीन टीमों ने भाग लिया। तमिलनाडु के बाद हिमाचल प्रदेश दूसरा राज्य रहा जहां से छः टीमों के कुल तीस खिलाड़ियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश में राज्य व जिला शतरंज खेल संघों के प्रयासों के कारण राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहभागिता को इस खेल से जुड़ी राष्ट्रीय संस्था चेसबेस ने अपने सोशल मीडिया मंचों पर भूरि-भूरि प्रशंसा की है जो हिमाचल प्रदेश में शतरंज के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है।

इसका सबूत यह भी है कि राष्ट्रीय महिला टीम प्रतियोगिता में हिमाचल बी टीम से बोर्ड चार पर खेलते हुए हमीरपुर जिला से संबंध रखने वाली खिलाड़ी पलक ठाकुर ने अंतिम खिलाड़ी वरीयता में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। राष्ट्रीय स्तर पर पलक ठाकुर की यह उपलब्धि उसके माता-पिता, प्रशिक्षक, जिला शतरंज संघ हमीर चेस एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ तथा हिमाचल प्रदेश के शतरंज खेल प्रेमियों के लिए बड़े गर्व की बात है।

यह भी पढ़ेंः घुमारवीं शहर में शीघ्र मिलेगा पार्किंग के झंझट से छुटकारा

हमीर चैस एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी हिमाचल प्रदेश में शतरंज खेल से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हर व्यक्ति को पलक ठाकुर की इस उपलब्धि पर बधाई देती है। इससे पहले भी पलक ठाकुर राष्ट्रीय स्तर पर अनेक शतरंज प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

संवाददाताः एमसी शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।