हंस फाऊंडेशन खेल कूद प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने प्रथम स्थान किया हासिल

उज्ज्वल हिमाचल। नादौन

प्रसिद्ध सामाजिक संस्था दी हंस फाऊंडेशन द्वारा राष्ट्रीय स्तर की खेल कूद प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें 10 राज्यों से द हंस फाऊंडेशन की टीमों ने भाग लिया। द हंस फाऊंडेशन पूरे भारत में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जानी जाती है। जानकारी देते हुए संस्था के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नोक सिंह ने बताया कि इस 3 दिवसीय खेल कूद प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने क्रिकेट तथा बैडमिंटन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। हिमाचल टीम का नेतृत्व डॉ. पीयूष द्वारा किया गया।

उन्होंने बताया कि हिमाचल की क्रिकेट टीम लगातार दो बार इस प्रतियोगिता को जीत चुकी है। उन्होंने बताया कि संस्था एक सार्वजनिक धर्मार्थ ट्रस्ट है। इसकी स्थापना 2009 में हुई थी अपनी स्थापना के बाद से फाउंडेशन ने पूरे भारत में स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण, आजीविका, विकलांगता और शिक्षा के क्षेत्रों में सामाजिक पहल और परियोजनाओं को वित्तपोषित किया है।

यह बच्चों, महिलाओं, और विकलांग लोगों जैसे हाशिए पर रहने वाले समूहों के लिए काम करता है। फ़ाउंडेशन की एमएमयू वैन ग्रामीण और दूर-दराज़ के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं देती है। एमएमयू से ओपीडी, मुफ़्त दवाइयां, डायग्नोस्टिक टेस्ट, काउंसलिंग, और निवारक सेवाएं मिलती हैं। बुज़ुर्गों और विकलांग लोगों के लिए घर पर जाकर भी इलाज किया जाता है। गंभीर बीमारियों के मामलों में मरीज़ को तीसरे स्तर के अस्पताल रेफ़र किया जाता है।