उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन घुरकडी कांगड़ा में होली का पर्व इस वर्ष अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। कॉलेज परिसर रंग-बिरंगे गुलाल और खुशियों से सराबोर दिखाई दिया। इस विशेष अवसर पर कॉलेज के चारों सदनों ने मिलकर विविध आयोजन किए, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बन गया। होली समारोह के अंतर्गत प्रत्येक सदन ने अपनी-अपनी ओर से चाट और ठंडाई के आकर्षक स्टाल लगाए।छात्राओं ने स्वयं इन स्टालों की सजावट की और पारंपरिक शैली में उन्हें सुसज्जित किया। विभिन्न प्रकार की चाट जैसे आलू चाट, दही भल्ला, पानीपुरी आदि का स्वाद सभी ने बड़े चाव से लिया। साथ ही ठंडाई की व्यवस्था भी विशेष रूप से की गई, जिसने कार्यक्रम में पारंपरिक रंग भर दिए।
कॉलेज परिसर में रंगारंग संगीत की धुनों पर छात्राएं झूमती नजर आईं। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।कॉलेज प्राचार्या डा0 सुमन शर्मा ने छात्राओं के साथ रंग खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया तथा उन्हें सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से त्योहार मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और अनुशासन का भी विशेष ध्यान रखा गया। छात्राओं ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि कॉलेज परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे। इस आयोजन ने छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान को और मजबूत किया।
समारोह के अंत में कॉलेज प्राचार्या ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रेरणा दी।उन्होंने बताया कि शरण कॉलेज में मनाई गई होली केवल रंगों का उत्सव नहीं रही, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का सुंदर उदाहरण बनकर सभी के लिए यादगार बन गई।





