वृंदावन की तरह धूमधाम के साथ मनाई जाएगी श्री बृज राज स्वामी मंदिर में होली

उज्जवल हिमाचल । नूरपुर

नूरपुर में हर वर्ष की तरह इस बार भी ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर के प्रांगण में होली का पर्व भव्य और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। यह जानकारी राजा साहिब दशहरा एवं रामलीला क्लब के अध्यक्ष गौरव महाजन उर्फ रिपु ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय होली महोत्सव के तहत 2 मार्च को फूलों की होली और 4 मार्च को रंगों की होली खेली जाएगी। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए 2 मार्च को प्रसिद्ध गायक टीनू सिंह तथा 4 मार्च को ‘वॉयस ऑफ पंजाब’ के विजेता गायक गौरव कौंडल अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

गौरव महाजन ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय राकेश महाजन ने नूरपुर के दशहरा और जन्माष्टमी उत्सव को विशेष पहचान दिलाई थी, और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वह होली महोत्सव को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में मंदिर परिसर में आयोजित यह दो दिवसीय होली महोत्सव एक बड़े सांस्कृतिक आयोजन के रूप में स्थापित हो चुका है, जिसमें न केवल स्थानीय बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित इस उत्सव में शामिल होकर होली के रंगों और भाईचारे के संदेश को मजबूत करें। साथ ही जानकारी दी कि 4 मार्च को होली पर्व के अवसर पर नूरपुर बाजार बंद रहेगा।

गौरव महाजन ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक है—एक ऐसा पर्व, जो सभी भेदभाव भुलाकर लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है।

संवाददाता : विनय महाजन