औट टनल में एचआरटीसी बस और ट्रक में भीषण टक्कर, छह लोग घायल

उज्जवल हिमाचल । मंडी

कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित औट टनल के भीतर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। कुल्लू से शिमला की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस और सामने से आ रहे एक ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब एचआरटीसी की बस यात्रियों को लेकर कुल्लू से शिमला के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस औट टनल के भीतर पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने ज़ोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में बस और ट्रक के चालक, बस का कंडक्टर और तीन यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। टनल के भीतर फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।