उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
आज सुबह से ही मटौर से वीरता, पालमपुर और गगल की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिवहन निगम की बस वीरता में बीच रास्ते में खराब हो गई। आश्चर्य की बात है कि एक ही दिन और एक ही मार्ग पर दो नीली बसें खराब हो गईं, जिससे इन बसों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुबह मटौर पुल के पास एक नीली बस खराब हो गई, जिससे घंटों लंबा जाम लगा रहा। जाम खुलने के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली ही थी कि शाम को वीरता में दूसरी बस भी इंजन खराब होने से बीच सड़क पर खड़ी हो गई।
इस वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग किसी तरह एक तरफ से धीरे-धीरे वाहन निकालने को मजबूर रहे। लोगों का कहना है कि इन नीली बसों की लंबाई अधिक होने से ये सड़क पर ज्यादा जगह घेर लेती हैं, जिससे पास निकालना और भी मुश्किल हो जाता है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से यात्रियों की नाराज़गी बढ़ रही है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इन बसों की मेंटेनेंस पर कितना ध्यान दिया जा रहा है।
संवाददाता: अंकित वालिया





