उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन, घुरकड़ी, कांगड़ा में बीएड एवं डीएलएड की नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत के लिए 5 नवंबर को ‘हुनर मंच 2026’ टैलेंट हंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शरण कॉलेज की छात्राएं रहीं, जिन्होंने मंच पर अपनी कला, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के रंग बिखेरे। छात्राओं ने गायन, एकल एवं युगल नृत्य, अभिनय और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विभिन्न गतिविधियों में छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने हिमाचली एवं पंजाबी संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की। पंजाबी भांगड़ा की प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण पैदा किया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंच पर छात्राओं का आत्मविश्वास, तालमेल और प्रस्तुति देने का अंदाज देखते ही बनता था।
एंकर वंशिता शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की।वहीं, निर्णायक मंडल में सिंगर रिशिका शर्मा और कंटेंट क्रिएटर काजल शर्मा ने छात्राओं की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। निर्णायकों ने छात्राओं के प्रयासों और प्रतिभा की सराहना की। इस आयोजन का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करने के साथ-साथ उन्हें अपनी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने, मंच पर अपनी पहचान बनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करना था।
कार्यक्रम ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।





