उज्जवल हिमाचल ।शिमला
चौपाल में अवैध वन कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग मुख्यालय चौपाल से करीब पांच किलोमीटर दूर रियूणी क्षेत्र के घने जंगल में बुधवार रात को देवदार के आठ हरे पेड़ काट दिए गए। मौके से 30 स्लीपर बरामद किए गए हैं, जबकि आरोपी वनकाटू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बुधवार रात चौपाल के एसएचओ अंबी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम चौपाल से खिड़की के बीच गश्त पर थी। इसी दौरान जंगल से पेड़ काटने की आवाजें सुनाई दीं। पुलिस जब मौके की ओर बढ़ी तो आरोपी भागने में सफल रहे।
वीरवार सुबह पुलिस ने मामले की सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगल के बड़े हिस्से में हरे पेड़ काटे गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह अवैध कटान एक-दो दिन नहीं बल्कि कई दिनों से जारी था।





