फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं ने बेसहारा पशुओं रेडियम बेल्ट बनाने का कार्यक्रम

उज्जवल हिमाचल । नुरपुर

नूरपुर प्रदेश में रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं की एक अनूठी पहल सामने आई है। यह पहल उस समय देखने को मिली जब युवाओं ने बेसहारा पशुओं की सुरक्षा के लिए उनके गलों में रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया। उपमंडल फतेहपुर की विभिन्न सड़कों पर रात के समय बड़ी संख्या में बेसहारा पशु डेरा जमाए हुए दिखाई देते हैं। इन पशुओं की वजह से कई वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। ऐसी दुर्घटनाओं में जहां एक ओर वाहन चालकों को चोटें आती हैं, वहीं दूसरी ओर बेसहारा पशु भी गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।

इन्हीं दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से फतेहपुर के युवाओं ने यह सराहनीय कदम उठाया है। युवाओं द्वारा पशुओं के गलों में लगाए जा रहे रेडियम बेल्ट रात के समय दूर से ही वाहन चालकों को दिखाई देंगे, जिससे समय रहते वाहन रोके जा सकेंगे और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। इस अवसर पर युवाओं ने सामाजिक संस्थाओं, महिला मंडलों तथा आम जनता से अपील की कि वे गोवंश को बेसहारा न छोड़ें। साथ ही ऐसे लोगों को जागरूक करें जो दूध दुहने के बाद अपने पशुओं को सड़कों पर आवारा छोड़ देते हैं। युवाओं ने आग्रह किया कि लोग अपने पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट अवश्य लगवाएं, ताकि पशु और इंसान दोनों सुरक्षित रह सकें।

संवाददाता :विनय महाजन