घुरकड़ी में जमीनी विवाद में दो पक्षों में चले ईट-पत्थर, हथियार व JCB लेकर आए थे कब्जा करने

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

कांगड़ा के तहत घुरकड़ी पंचायत में सोमवार सायं जमीन विवाद में दो पक्षों में खूब ईट-पत्थर चले। 24 से ज्यादा लोग हथियारों से लैस होकर मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक जमीन पर कब्जा करने आए थे। बताया जा रहा है कि ये लोग हथियारों के साथ-साथ दो जेसीबी व टिप्पर साथ लेकर आए थे।

जमीन के मालिक अमितेश शाह ने विरोध किया तो कब्जा करने आए लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। दोनों पक्षों में करीब 15 मिनट तक पथराव होता रहा। बाद में स्थानीय लोगों की बढ़ती संख्या को देखकर कब्जा करने आए लोग भाग गए। माहौल तनावपूर्ण होने पर लोगों ने कांगड़ा पुलिस को जानकारी दी। दोनों पक्षों में पथराव के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बंद हो गया। स्थानीय लोगों की एकजुटता को देखकर कब्जा करने आए लोग तो भाग गए, लेकिन मौके पर एक जेसीबी व तीन टिप्पर छोड़ गए। जमीन मालिक ने बताया कि जमीन का विवाद न्यायालय में चल रहा है और वह केस जीत चुके हैं। उन्होंने बताया कि जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई है।

उन्होंने बताया कि अंधेरे में दूसरे राज्यों से गुंडातत्वों को बुलाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई है। घुरकड़ी पंचायत के प्रधान अनिल दामीर ने बताया कि अंधेरे में किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करना सरासर गलत है। पंचायत में किसी भी व्यक्ति को शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद है तो मिल बैठकर सुलझाना चाहिए न कि इस तरह गुंडागर्दी करके। स्थानीय लोगों का कहना है जमीन पर कब्जा करने वालों ने कानून व्यवस्था को भी ताक पर रख दिया था। समाचार लिखे जाने तक थाना प्रभारी कांगड़ा मौके पर पहुंच गए थे और छानबीन शुरू कर दी थी।