उद्योग मंत्री ने रक्कड़ में 74 पात्र व्यक्तियों को बांटे 13 लाख के चैक

समनोली एवं मुईं में किया करोड़ों के विकास कार्यों का निरिक्षण

कमल हिमाचली। डाडासीबा

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही हिमाचल प्रदेश सरकार गरीबों एवं असहायों की सरकार है। रक्कड़ में पात्र लोगों को सहायता राशि के चेक वितरण के कार्यक्रम में उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह शब्द कहे। उद्योग मंत्री ने आज जस्वां-प्रागपुर विधान सभा क्षेत्र में 74 पात्र व्यक्तियों को लगभग 13 लाख रूपये के चेक भेंट किए। इसमें ज्यादातर राशि गंभीर रूप से बिमार चल रहे रोगियों के उपचार हेतु आवंटित की गई। इसके अतिरिक्त पात्र बच्चों की पढ़ाई, कन्याओं के विवाह, घरों के सुधार एवं निर्माण हेतु तथा गरीबों को आर्थिक सहायता हेतु यह राशि वितरित की गई।
उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार मानवीय दृष्टिकोण से कार्य करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता हेतु केवल उनके विधानसभा क्षेत्र जस्वां प्रागपुर में ही 2000 से अधिक लोगों को 4 करोड़ से अधिक सहायता राशि उपलब्द करवाई गई है। उन्होंने कहा कि जस्वां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र का चौतरफा विकास उनकी प्राथमिक है। इस हेतु जस्वां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत से विकास कार्य हो रहे हैं। जिनमें सड़कों की बात करें तो अभी तक जस्वां प्रागपुर में 77 कि.मि. सड़क पक्की कर दी गई है एवं 25 कि.मी. के टेंडर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त रक्कड़ से शांतला सड़क निर्माण के लिए 1296 लाख रूपये की राशि आ गई है और इसका काम भी आने वाले समय में प्ररंभ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल एवं ईमानदार नेतृत्व के कारण ही यह सब विकास कार्य संभव संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेद-भाव के केवल विकास और जन कल्याण के उद्देश्य से ही यह सरकार कार्य कर रही है। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कोरोना के इस संकट काल में भी प्रदेश सरकार के कार्य की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई हम अवश्य जीतेंगे, परन्तु प्रदेश के लोगों का सहयोग और सजगता इसके लिए अपेक्षित है। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अथक प्रयासों के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पीठ भी थपथपाई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पंजीकृत मनरेगा कामगारों को अब तक दो बार दो-दो हजार की राशि उपलब्ध करवाई है तथा दो हजार की तीसरी किस्त भी जल्द ही उनके खातों में डाली जाएगी। जिसमें लगभग 1400 पंजीकृत कामगार केवल जस्वां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के ही हैं। इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने समनोली में 8 करोड़ की लागत से बन रही सड़कों के विकास कार्य का निरिक्षण किया। जिनमें लगभग 706 लाख की लागत से बनने वाली भरवाईं से कलोहा सड़क एवं लगभग 114 लाख की लागत से चिंतपूर्णी- समनोली सड़़क के उन्न्यन कार्य का निरिक्षण किया। इसके अतिरिक्त उद्योग मंत्री ने मूईं में करोड़ों की लागत से हाने वाले सड़क एवं जलापूर्ति योजनाओं के कार्यो का भी निरिक्षण किया। अधिकारियों को गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तरीके से इन कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, जिला परिषद् सदस्य अरूणा डोगरा, तहसीलदार रक्कड़ कंचन कुमारी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग संदीप चौधरी, नायब तहसीलदार रक्कड़ सतीश कुमार, अनुसुचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, अनिता धीमान, प्रधान ग्राम पंचायत रक्कड़ रतन सहित लाभार्थी उपस्थित रहे।