इनरव्हील क्लब ने सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा के सौजन्य से लगाया फ्री मेडिकल कैंप

शिवर में जांचा 200 लोगों का स्वास्थ्य 

Free medical camp organized in Kangra
कांगड़ा में फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

इनरव्हील क्लब कांगड़ा ने सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा के सौजन्य से निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजन किया। इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लगभग 200 के करीब लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। चिकित्सा शिविर में मरीजों को फ्री दवाइयां भी वितरित की गई। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में शुगर टेस्ट, ईसीजी टेस्ट, बीएमडी टेस्ट, बीपी व ब्लड टेस्ट निशुल्क किए गए। सिटी हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर थपलू व हड्डी रोग विशेषज्ञ, डॉक्टर मोहम्मद साजिद ने गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को सिटी हॉस्पिटल में इलाज करवाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सिटी हॉस्पिटल का उद्देश्य लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाना है।

इस दौरान इनरव्हील क्लब की अध्यक्षा मोनिका मक्कड़ व सभी सदस्यों ने डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारियों को उनके इस सहयोग के लिए सम्मानित किया। इनरव्हील क्लब कांगड़ा की अध्यक्षा मोनिका मक्कड़ ने कहा कि सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा के सौजन्य से आज यह निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है, जिसमें काफी मरीजों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई व डॉक्टरों से सलाह भी ली। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य शिविर के लिए डॉ प्रदीप मक्कड़, डॉ अशीष गर्ग व डॉ राजीव डोगरा का इनरव्हील क्लब तहे दिल से आभार प्रकट करता है। जिन्होंने इस स्वास्थ्य शिविर को लगाने के लिए इनरव्हील क्लब का सहयोग किया।

उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की मदद करना है चाहे वह किसी भी प्रकार से की जाए। उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब जरूरतमंद गरीब लोगों को राशन उपलब्ध करवा रहा है और गरीब महिलाओं को मशीनें भी वितरित कर रहा है जिससे कि वह अपना खुद का रोजगार कर अपना जीवन निर्वाह कर सकें।

उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब में एक और मुहिम छेड़ी है, जिसमें की पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्लास्टिक मुक्त कांगड़ा शहर बनाना है। इसी के चलते कांगड़ा में सब्जी विक्रेताओं को लगभग 200 कपड़े के बैग वितरित किए हैं, ताकि उनके पास कोई सब्जी खरीदने आए तो उनसे 20 रुपए शुल्क लेकर बैग दें और साथ ही जो बैग को वापस करके जाए उसे 20 रुपए वापस कर दिए जाएं। ताकि लोगों को बैग लाने की आदत पड़े और हमारा कांगड़ा प्लास्टिक मुक्त कांगड़ा हो जाए। उन्होंने कहा कि अगर पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी हम सब सुरक्षित रह पाएंगे।

इस अवसर पर इनरव्हील क्लब कांगड़ा की अध्यक्ष डॉ मोनिका मक्कड़, सचिव, रजनी शर्मा, कोषाध्यक्ष नमिशा कोहली, संपादक कृति कपूर, शीला राणा, सुमन शर्मा, सुनील शर्मा, अनुजा महाजन, सरिता धीमान सविता शर्मा, डॉ मंजू डोगरा, राजकुमारी, मंजू चड्डा, हर्ष दीपिका सहित सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा का स्टाफ मौजूद रहा।