इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, शाहपुर में तीसरी इंटर-कॉलेज मूट कोर्ट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

उज्जवल हिमाचल । शाहपुर

हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, शाहपुर में तीसरी इंटर-कॉलेज मूट कोर्ट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर डी.पी. वर्मा, रीजनल सेंटर, धर्मशाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन रमन कायस्था, प्रिंसिपल डॉ. अर्जुन कुमार तथा हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज की प्रिंसिपल डॉ. अनुपम मनहास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अगले चरण में मूट कोर्ट की कार्यवाही शुरू हुई

जिसमें विधि विभाग के विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी मामलों के माध्यम से न्यायालय की वास्तविक कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ न्यायालय की कार्यवाही में भाग लिया तथा अपनी कानूनी समझ, तर्कशक्ति और वकालत संबंधी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों द्वारा कानून एवं न्याय व्यवस्था से संबंधित विभिन्न आकर्षक मॉडल भी तैयार किए गए थे। मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.पी. वर्मा ने इन मॉडलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विधि के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझने, अपने तर्क प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा भविष्य में एक कुशल अधिवक्ता बनने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तीसरी इंटर-कॉलेज मूट कोर्ट प्रतियोगिता में ज्योति, नैन्सी एवं दिशा वर्मा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सानिया, नंदिनी एवं पूजा की टीम उपविजेता रही।
मॉडल प्रतियोगिता में ‘The Bicameral Bridge’ विषय पर मॉडल प्रस्तुत करने वाली परीक्षा, सोनाली एवं अमीष्का की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, ‘Women and Child Protection Centre’ विषय पर मॉडल प्रस्तुत करने वाली रिया, सानिया एवं प्राची की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में ज्योति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मेहंदी प्रतियोगिता में खुशी प्रथम स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त, ज्योति को Best Speaker, अरमान, विकास एवं स्वास्तिक राणा को संयुक्त रूप से Best Memorial तथा व्योम को Best Researcher के खिताब से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के गणमान्य अतिथियों ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों और प्रतिभा की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक कानूनी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक न्यायिक प्रक्रिया का अनुभव प्रदान करना था। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा न्यायिक कार्यप्रणाली की समझ को बढ़ावा दिया।

Please share your thoughts...