- Advertisement -spot_img
16.4 C
Shimla
Tuesday, March 28, 2023

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में देव दर्शन का दौर जारी

Must read

उज्जवल हिमाचल। मंडी
छोटी काशी मंडी में जारी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में देव दर्शन का दौर जारी है। देवी-देवताओं के आगमन से मंडी शहर में हर ओर देव ध्वनियां ही सुनाई दी जा रही है। श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंच कर पड्डल मैदान में देवी देवताओं से आशीर्वाद ले रहे हैं। मंडी जनपद में शिरकत करने वाले अधिकतर देवी देवता पड्डल मैदान में विराजमान होते हैं।

कुछेक देवी देवता राज बेहडे में भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। अब तक 216 पंजीकृत देवी देवताओं में से 190 देवी देवता अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत कर चुके हैं। वहीं 10 के करीब और देवी-देवताओं के पहुंचने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने वाले सभी देवी-देवताओं का राज परिवार के साथ गहरा नाता रहा है।

यही कारण है कि आज भी जनपद के सभी देवी-देवता शिवरात्रि महोत्सव में पहुंचते हैं। शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने वाला हर देवी-देवता अपने तय स्थान पर ही विराजमान होते हैं। शिवरात्रि महोत्सव के तीसरे दिन भी पड्डल मैदान में देव दर्शनों के लिए श्रद्धा का खूब जनसैलाब उमड़ा।

यह भी पढ़ेंः भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के द्वारा किया गया अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन

श्रद्धालु जहां अपने-अपने इष्ट देव के दर्शन कर सुख अनुभूति महसूस कर रहे हैं, वही देवी-देवताओं के साथ आए देवलू पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर नाटी डाल रहे हैं। शहर के पड्डल मैदान में हर ओर नजारा देखने को मिल रहा है। देवी-देवताओं के आगमन से पूरा मंडी शहर देवधुनों व वाद्य यंत्रों की थाप पर झूमने लगा है।

सर्व देवता समिति के प्रधान शिवा शर्मा ने बताया कि 190 देवी-देवता अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं 10 के करीब देवी-देवता और आने की उम्मीद है।

बता दें कि इस बार छोटी काशी मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 19 फरवरी से 25 फरवरी तक मनाया जा रहा है। 7 दिनों तक चलने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब 22 फरवरी व अंतिम जलेब 25 फरवरी को निकाली जाएगी।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।

 

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest News

%d bloggers like this: