सीएसआईआर-आईएचबीटी में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

उज्ज्वल हिमाचल पालमपुर

सी.एस.आई.आर.-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान, पालमपुर ने बड़े उत्साह के साथ अपने परिसर में 13 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। यह दिवस महिलाओं के समानता और स्वतंत्रता के संघर्ष को स्मरण करने के लिए मनाया जाता है, जो महिला अधिकारों से प्रेरित है। डॉ. सुदेश कुमार यादव, निदेशक, सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. ने अपने स्वागत भाषण में इस दिवस के महत्व और विज्ञान , समाज , खेल आदि गतिविधियों में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं के लिए समान अवसर और उनकी सुरक्षा पर जोर दिया।

डॉ. जतिंदर कौर अरोड़ा, सलाहकार, नॉर्दर्न रीजन साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्लस्टर: पीआई-राही, पूर्व कार्यकारी निदेशक, पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, इस अवसर की मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के गौरवशाली इतिहास और इसके उद्देश्य को प्रस्तुत किया। उन्होंने बदलते समय में महिलाओं की भूमिका और उनके नेतृत्व में चल रही विभिन्न पहलों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अधिवक्ता आदर्श सूद और श्रीमती नीतिका भंडारी सम्मानित अतिथि थे। सूद ने विभिन्न कानूनों पर जानकारी दी, विशेष रूप से पीओएसएच एक्ट। श्रीमती भंडारी ने महिलाओं से संबंधित सामाजिक आंदोलन तथा अधिकारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायक महिला उद्यमियों तथा संस्थान की प्रशासनिक महिला कार्मिकों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर संस्थान की महिला कर्मचारियों और छात्राओं के लिए “स्ट्रेन्थनिंग ऑफ इनर सेल्फ” पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, तथा उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।