उज्जवल हिमाचल । प्रागपुर
परागपुर की नक्की में डेढ़ सदी से चली आ रही परंपरा के तहत 153वें नौण मेले का कुश्ती दंगल ऐतिहासिक अखाड़े में तब्दील हो गया।दंगल का मुख्य आकर्षण महाराष्ट्र के शिवा और ईरान के होदी के बीच लड़ी गई फाइनल माली का मुकाबला रहा।माटी पर दोनों पहलवानों के बीच दांव-पेंच शुरू ही हुए थे कि ईरानी पहलवान ने अखाड़े में बेवजह विवाद खड़ा कर दिया और मुकाबला बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गया।
खेल नियमों और अनुशासन के तहत मेला कमेटी ने तुरंत कड़ा फैसला लेते हुए शिवा को विजेता घोषित किया। मेला कमेटी के कोषाध्यक्ष दीपक सूद ने विजेता शिवा को एक लाख इक्यावन हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।पंजाब, हरियाणा, जम्मू और स्थानीय अखाड़ों के पहलवानों के बीच हुए कई रोमांचक मुकाबलों के तहत कुल नौ लाख रुपये की माली वितरित की गई। दंगल के मुख्य अतिथि होशियारपुर के उद्योगपति संजय सूद ने कहा कि माटी के ये मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान और आपसी भाईचारे की अनमोल विरासत हैं, जिन्हें संजोना समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने मेला कमेटी अध्यक्ष रुपिंदर सिंह डैनी को एक लाख इक्कीस हजार रुपये का चेक सौंपा। साथ ही चार मंदिरों को इक्यावन-इक्यावन सौ रुपये और बाईस जरूरतमंद स्कूली बच्चों को इकतीस-इकतीस सौ रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
संवाददाता : सन्नी शर्मा





