उज्जव हिमाचल। । कांगड़ा
शुक्रवार को कांगड़ा बाईपास रोड का नजारा उस वक्त सियासी उत्साह से भर गया जब नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के स्वागत में सैकड़ों युवा उमड़ पड़े। भाजपा नेता मनीष शर्मा की अगवाई में युवा कार्यकर्ता कड़ी धूप और तेज गर्मी के बावजूद सुबह से ही बाईपास पर डटे रहे।
दोपहर जयराम ठाकुर का काफिला पहुंचते ही जयराम ठाकुर जिंदाबाद और भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। युवाओं ने फूल-मालाओं से पूर्व मुख्यमंत्री जय ठाकुर का अभिनंदन किया।
स्वागत से अभिभूत जयराम ठाकुर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, कांगड़ा के युवाओं में जो जोश और समर्पण आज मैंने देखा है, वह काबिल-ए-तारीफ है। भीषण गर्मी में घंटों मेरा इंतजार करना आपके जज्बे को दर्शाता है। युवा पीढ़ी ही हिमाचल और देश का भविष्य है। विकास की जिम्मेदारी अब आपके कंधों पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
भाजपा नेता मनीष शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का यह दौरा कांगड़ा मंडल के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार कर गया है। उन्होंने कहा कि युवा ही पार्टी की असली ताकत हैं। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता राजेश परयाल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





