उज्जवल हिमाचल । नगरोटा बगवां
नगरोटा बगवां विधानसभा के मंडल बाबा बड़ोह में आयोजित भाजपा संगठन की बूथ स्तरीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप शर्मा ने मण्डल कार्यकारिणी के साथ मिलकर उन्हें एक विशेष ‘हल स्मृति’ भेंट कर सम्मानित किया। किसानों की मेहनत का प्रतीक यह अनूठा उपहार देखकर जय राम ठाकुर भी प्रभावित नज़र आए।
इस सम्मान के पीछे का संदेश स्पष्ट था। प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप शर्मा ने कहा कि प्रदेश के किसानों की दशा मौजूदा सरकार के समय में बेहद खराब है। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में किसानों ने नेता प्रतिपक्ष को अपनी समस्याओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जय राम ठाकुर के कार्यकाल में उन्हें ऐसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा था, जबकि आज न तो समय पर बीज उपलब्ध हैं और न ही कृषि उपकरण मिल पा रहे हैं। सब्सिडी की स्थिति तो और भी चिंताजनक बताई गई।
किसान मोर्चा के प्रवक्ता ने मीडिया को जारी वक्तव्य में आरोप लगाया कि आज किसान सबसे अधिक परेशानी से जूझ रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार अपने मित्रों को सुविधाएं देने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के किसान खेती को लेकर तंग आ चुके हैं। सब्सिडी वाला राशन डिपो में नहीं मिल रहा और मेहनत से उगाई फसल का भी कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। इसके पीछे मौसम की मार, लावारिस पशुओं द्वारा फसल बर्बाद करना और सरकार की दमनकारी नीतियों को मुख्य कारण बताया गया। इस बैठक को पहला ऐसा कार्यक्रम माना जा रहा है, जहां इतनी बड़ी संख्या में किसानों ने सीधे विपक्ष के शीर्ष नेता के समक्ष अपनी व्यथा रखी।





