मंडी के जोगिंद्रनगर से शुरू होगा कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

मंडी के जोगिंद्रनगर से शुरू होगा कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस अब देश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। इसी कड़ी में तय शेड्यूल के अनुसार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह आगामी 26 जनवरी को मंडी जिला के जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से अभियान की शुरूआत करेगीं।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त के साथ ही अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेगें। भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से जो संदेश राहुल गांधी दे रहे हैं, उसे कांग्रेस अभियान के माध्यम से बूथ स्तर तक पहुंचाएगी। देखा जाए तो कांग्रेस का यह अभियान वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः हिमाचल की राजधानी शिमला मे तेंदुए की दहशत

इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस गांव-गांव तक पहुंचेगी और संगठन को मजबूती देने का प्रयास करेगी। 2 माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता बूथ स्तर पर पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संवाद करेगें। इस अभियान को लेकर कांग्रेस हाईकमान पहले ही प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को उचित दिशा-निर्देश जारी कर चुका है।
ऐसे में देखना होगा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस का यह अभियान कितना सफल रहता है। कांग्रेस 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलने वाले अभियान के माध्यम से हर घर तक पहुंचने का प्रयास करेगी। इस दौरान राहुल गांधी द्वारा लिखित एक पत्र और मोदी सरकार की विफलताओं पर तैयार की गई एक चार्जशीट को भी वितरित किया जाएगा। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है।

संवाददाताः ब्यूरो शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।