उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत गगवाल के गांव थपकौर में उस समय मातम पसर गया, जब 19 वर्षीय युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान निखिल कुमार पुत्र खैराती राम निवासी थपकौर के तौर पर की गई है। जानकारी के अनुसार निखिल थपकौर के नरेंद्र पठानिया के यहां पेंट का कार्य कर रहा था। इस दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया और करंट लगने से बेहोश हो गया। उसके बाद निखिल को तुरंत उपचार के लिए पठानकोट के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद डमटाल थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उधर, डीएसपी इंदौरा संजीव यादव ने बताया कि पुलिस ने धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि मृतक निखिल कुमार के पिता खैराती राम मजदूरी का काम करते हैं। निखिल मेहनती लड़का था जो अपनी पढ़ाई और घर का खर्च चलाने के लिए छुट्टियों में मजदूरी का काम कर लेता था। नौजवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ा टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शौक की लहर दौड़ गई है।





