स्वर्णकार संघ ने 0.001 ग्राम शुद्धता वाली वजन मशीन की अनिवार्यता वापस लेने की मांग

स्वर्णकार संघ जिला कांगड़ा ने एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा को सौंपा ज्ञापन

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

स्वर्णकार संघ जिला कांगड़ा ने आभूषण प्रतिष्ठानों के लिए 0.001 ग्राम शुद्धता वाली वजन मशीन अनिवार्य किए जाने के निर्णय को वापस लेने अथवा इस पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इस संबंध में संघ की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम ज्ञापन एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा को सौंपा गया।

स्वर्णकार संघ जिला कांगड़ा के महासचिव तिलक राज सोनी तथा अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि संघ सरकार के उस उद्देश्य का पूर्ण समर्थन करता है, जिसके तहत वजन में सटीकता, पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हालांकि, 0.001 ग्राम तक की शुद्धता वाली उच्च गुणवत्ता की वजन मशीन की कीमत लगभग 70 हजार से 1 लाख रुपये तक हो सकती है। कई आभूषण प्रतिष्ठानों में एक से अधिक मशीनों की आवश्यकता होने के कारण स्वर्णकारों एवं आभूषण व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक छोटा राज्य है और यहां आभूषण व्यवसाय भी सीमित स्तर पर संचालित होता है। ऐसे में इस प्रकार की महंगी मशीन को अनिवार्य करने से छोटे एवं मध्यम आभूषण कारोबारियों के सामने आर्थिक कठिनाइयां बढ़ सकती हैं। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि सोने की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण आम ग्राहक के लिए पहले ही आभूषण खरीदना महंगा हो गया है। ऐसे में व्यवसाय पर बढ़ने वाला अतिरिक्त खर्च अप्रत्यक्ष रूप से ग्राहकों पर भी आर्थिक बोझ डाल सकता है तथा आभूषण कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

स्वर्णकार संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश के स्वर्णकारों एवं आभूषण व्यवसायियों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 0.001 ग्राम शुद्धता वाली वजन मशीन की अनिवार्यता के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और इसे वापस लेने अथवा व्यावहारिक विकल्प तलाशने की दिशा में उचित निर्णय लिया जाए। संघ ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए स्वर्णकार एवं आभूषण व्यवसाय से जुड़े लोगों के हित में सकारात्मक निर्णय लेंगे।