उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
कांगड़ा से होशियारपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को सफर करने में भी परेशानी हो रही है। । वहीं, सड़क की बदहाल स्थिति के चलते इस मार्ग पर हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
सड़क की स्थिति ऐसी है कि यहां पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं है। यदि कोई बुजुर्ग इस मार्ग से पैदल गुजरता है तो उसे काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। कई बार पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही के कारण यहां आंशिक जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे ज्यादा खतरा
इस मार्ग की खराब हालत दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से चिंता का विषय बनी हुई है। दोपहिया वाहनों पर अक्सर बुजुर्ग, महिलाएं, युवक और युवतियां सफर करते हैं। गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ सड़क के कारण अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से चालक या पीछे बैठे व्यक्ति के गिरने का खतरा बना रहता है।
स्थिति उस समय और गंभीर हो सकती है, जब पीछे से कोई बड़ा वाहन ओवरटेक कर रहा हो या सामने से भारी वाहन आ रहा हो। ऐसे में दोपहिया वाहन के अनियंत्रित होने पर गंभीर हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
संवाददाता: अंकित वालिया





