उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर
पुलिस नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज फिर से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह क्षेत्र पंजाब हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है जहां पर अवैध खनन की शिकायत काफी सालों से संबंधित विभागों के पास मौजूद थी। इस अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस नूरपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नक्की खड्ड क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध खनन पर तुरंत कार्रवाई करके मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। मौके पर दो स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व लोडर मशीनों के माध्यम से खनन कार्य चल रहा था। पुलिस ने जब मौके पर मौजूद व्यक्तियों से खनन कार्य हेतु वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो आरोपी कोई भी वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मौके से कुल तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एवं दो लोडर मशीनें जब्त की गई। इसके अतिरिक्त एक व्यक्ति द्वारा पुलिस कार्यवाही में बाधा उत्पन्न की गई तथा उपस्थित लोगों को पुलिस के विरुद्ध भड़काने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान कुछ चालक अंधेरे व मौके की अफरा-तफरी का लाभ उठाकर अपने वाहनों सहित भागने में सफल रहे जिनकी पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने एक प्रेस विज्ञप्ति में देते हुए कहा कि जिला पुलिस नूरपुर द्वारा क्षेत्र में अवैध खनन जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु अभियान जारी रहेगा। आम जनता से अनुरोध है कि यदि किसी स्थान पर अवैध खनन दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।
संवाददाता : विनय महाजन





