रक्तदान के क्षेत्र में मिसाल बना ‘कांगड़ा सेवियर’, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया सम्मानित

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

रक्तदान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर सामाजिक संस्था कांगड़ा सेवियर को शिमला राजभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम फॉर आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स वर्ल्ड और वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

समारोह में हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के स्थान पर कार्यवाहक राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कांगड़ा सेवियर के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी को सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी तरुण तलवार, शिव शंकर और राजीव चौधरी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कांगड़ा सेवियर से जुड़ी पांच अन्य सामाजिक संस्थाओं सहित प्रदेश की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रितपाल सिंह पन्नू, प्रदेश अध्यक्ष तरुण धीमान और वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से मौजूद रहे। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि रक्तदान जैसा पुण्य कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सभी संस्थाओं से मानव सेवा के कार्यों में इसी तरह आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह के अंत में राज्यपाल ने उपस्थित सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की शपथ भी दिलाई।

इस सम्मान पर खुशी व्यक्त करते हुए कांगड़ा सेवियर के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि संस्था के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में इसी ऊर्जा के साथ कार्य करती रहेगी।

संवाददाता: अंकित वालिया

Please share your thoughts...