उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
कांगड़ा शैली के प्रसिद्ध चित्रकार राजीव कुमार, ग्राम पंचायत घुरकड़ी की वार्ड नंबर-5 स्थित गर्ग कॉलोनी के निवासी हैं। वे पिछले लगभग 20 वर्षों से कांगड़ा चित्रकला शैली के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनकी उत्कृष्ट कला के लिए उन्हें वर्ष 2013 और 2014 में राज्य स्तरीय पुरस्कार (स्टेट अवार्ड) से सम्मानित किया जा चुका है।
राजीव कुमार द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स देश के विभिन्न शहरों और राज्यों जैसे दिल्ली, चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान (जयपुर), शिमला, कोलकाता, तमिलनाडु, जम्मू, धर्मशाला और खजुराहो में प्रदर्शित की जा चुकी हैं, जहां उनकी कला को व्यापक सराहना मिली।
उनकी कला यात्रा का एक गौरवपूर्ण क्षण वर्ष 2022 में आया, जब उनके द्वारा बनाई गई राधा-कृष्ण की पेंटिंग को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन को भेंट किया था। इस उपलब्धि ने कांगड़ा चित्रकला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।
राजीव कुमार वर्ष 2003 से कांगड़ा शैली में कार्यरत हैं। उन्होंने इस कला का प्रारंभिक प्रशिक्षण अपने गुरु श्री धनीराम जी से प्राप्त किया। इसके बाद वर्ष 2007 में उन्होंने अपने गुरु मुकेश धीमान तथा चंबा के प्रसिद्ध चित्रकार और पद्मश्री डॉ. विजय शर्मा से भी प्रशिक्षण हासिल किया।
राजीव कुमार अपनी सभी उपलब्धियों और सम्मानों का श्रेय अपने गुरुओं, सहयोगियों, माता-पिता और परिवार को देते हैं। उनका कहना है कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।





