कांगड़ा : पौंग डैम का जलस्तर बढ़ा, कभी भी छोड़ा जा सकता पानी

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

बारिश से खड्डों-नालों में पानी का बहाव तेज होने से पौंग डैम में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बांध से सोमवार शाम से लेकर मंगलवार सुबह नौ बजे तक बांध से चरणबद्ध तरीके से 75 हजार क्यूसेक तक पानी छोड़ा जाएगा। सोमवार दोपहर दो बजे तक पौंग बांध का जलस्तर बढक़र लगभग 1385.48 फुट तक पहुंच गया। इस दौरान पौंग बांध जलाशय में पानी की आमद 1,73,024 क्यूसेक रही जबकि आउटफ्लो 60 हजार क्यूसेक रहा। बीबीएमबी प्रशासन ने पौंग बांध से पानी छोडऩे का शेड्यूल जारी कर दिया है। सोमवार शाम चार बजे से आउटफ्लो को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया है जो कि 26 अगस्त सुबह नौ बजे तक 75 हजार क्यूसेक तक पहुंचा जाएगा। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पौंग बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना पर उपमंडल इंदौरा की 17 पंचायतों के लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के निर्देश दे दिए है। बचाव के लिए एनडीआरएफ की दो टीमें बुलाई गई है।

पंडोह डैम से कभी भी छोड़ा जा सकता है पानी
पंडोह। मंडी जिला के पंडोह स्थित ब्यास सतलुज लिंक प्रोजेक्ट के पंडोह डैम में पानी का स्तर बहुत बढ़ गया है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कुल्लू मनाली के नदी नाले उफान पर है, जिससे पंडोह डैम के जलाशय में पानी भरता चला जा रहा है। जो कभी भी ब्यास नदी में छोड़ा जा सकता है। इससे ब्यास नदी के किनारे बसे लोगों को खतरा हो सकता है। इसलिए बीबीएमबी द्वारा बार बार चेतावनी हुटर और लोउडसपीकर से लोगों को सचेत किया जा रहा ह है। डैम डिवीजन के अधिशाषी अभियंता चंद्रमणि शर्मा ने बताया है कि जिला प्रशासन और बोर्ड द्वारा एडवाइजरी और रेड अलर्ट जारी किया गया है।