कांगड़ा की बदहाल सड़कें: 15 साल में विकास को किसकी नजर लगी : राजेश परयाल

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

कांगड़ा की जनता आज सड़कों को लेकर हताश है। वर्षों से खस्ताहाल सड़कें जस की तस हैं, लेकिन स्थानीय विधायक और संबंधित विभाग की उदासीनता बरकरार है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे होते हैं, मगर आज भी लोगों को टूटी-फूटी सड़कों पर जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। यह बात जारी प्रेस बयान में भाजपा युवा नेता राजेश परयाल ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा है और केंद्र सरकार के अधीन आती है।

ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग की यह हालत चिंताजनक है। सवाल उठता है कि पिछले 15 वर्षों में कांगड़ा के विकास को किसकी नजर लग गई? जबकि आसपास की अन्य विधानसभाओं में विकास कार्य धरातल पर दिख रहे हैं, कांगड़ा की जनता आज भी बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब भी जनता अपनी पीड़ा लेकर सामने आती है, जिम्मेदार लोग राजनीतिक बहाने गढ़ने लगते हैं। कभी विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया जाता है तो कभी सरकार बदलने की दुहाई दी जाती है। जनता को बहाने नहीं, ठोस समाधान चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा की जनता स्थानीय विधायक और संबंधित विभाग से मांग करती है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और लोगों को सुरक्षित, बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। विकास सिर्फ भाषणों से नहीं, जमीन पर दिखाई देना चाहिए।