उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
कांगड़ा के गगल निवासी एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मनु शर्मा ने विट्रियोरेटिनल सर्जरी की उपविशेषता में एफ.ए.आई.सी.ओ. (FAICO) उत्तीर्ण कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। वर्तमान में वह पीजीआई चंडीगढ़ से एम.सी.एच. (विट्रियोरेटिनल सर्जरी) की उपविशेषता डिग्री कर रही हैं।
अखिल भारतीय नेत्र विज्ञान सोसाइटी द्वारा आयोजित दीक्षांत समारोह 1 फरवरी को नई दिल्ली में संपन्न हुआ। समारोह में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डॉ. न्यायमूर्ति धनंजय वाई. चंद्रचूड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मनु शर्मा को गोल्ड मेडल और फेलोशिप प्रमाणपत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में एआईओएस कॉलेजियम बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. ललित वर्मा, अध्यक्ष डॉ. पार्थ विश्वास तथा महासचिव डॉ. संतोष होनहार सहित देशभर के अनेक वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त, 5-6 फरवरी को हांगकांग में एशिया पेसिफिक ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी द्वारा आयोजित सम्मेलन में डॉ. मनु शर्मा ने ‘बेस्ट फोटो प्रतियोगिता’ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
डॉ. मनु शर्मा हिमाचल प्रदेश की पहली महिला रेटिना नेत्र विशेषज्ञ गोल्ड मेडलिस्ट हैं, जो जिला कांगड़ा के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि अपनी डिग्री पूर्ण करने के बाद वह हिमाचल प्रदेश में ही अपनी सेवाएं देंगी।
संवाददाता: अंकित वालिया





