कांगड़ा की वेदांशी कौल ने ‘किसमें कितना है दम’ टीवी रियलिटी शो के सेमीफाइनल में बनाई जगह

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा की नन्ही प्रतिभा वेदांशी कौल ने टीवी रियलिटी शो “किसमें कितना है दम” के सेमीफाइनल में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। वेदांशी कौल को मॉडलिंग और डांस का शौक है। उन्होंने शो के ऑडिशन और क्वार्टर फाइनल राउंड सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे गर्व की बात बता रहे हैं।

वेदांशी कौल से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सेमीफाइनल तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था, लेकिन उनका सपना इस शो का खिताब अपने नाम करना है। खास बात यह है कि वेदांशी की उम्र मात्र 7 वर्ष है और इतनी छोटी उम्र में ही वह कई मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

वेदांशी कौल ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता मोनिका कौल और पिता सनी कौल को दिया। बता दें कि वेदांशी कौल कांगड़ा एंटरटेनमेंट की ब्रांड प्रमोटर भी हैं। हाल ही में मशहूर हिमाचली गायक Karnail Singh Rana ने भी उन्हें “टैलेंट दे दन दना दन” के मंच पर सम्मानित किया था।

संवाददाता: अंकित वालिया