राष्ट्रीय पदक जीतकर ज्वालामुखी लौटे कराटे खिलाड़ी, कोच संग किया माता ज्वाला के दर्शन

उज्जवल हिमाचल।ज्वालामुखी

राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले ज्वालामुखी के कराटे खिलाड़ियों ने अपनी इस उपलब्धि के बाद शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर पहुंचकर माता ज्वाला के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। हेड कोच एवं प्रशिक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पदक विजेता राजकुमार और प्रतिभाशाली खिलाड़ी निधि कुमारी ने मंदिर में शीश नवाया। उल्लेखनीय है कि 6ठी ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2025–26 का आयोजन नेशनल कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा फरीदाबाद में किया गया था। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजकुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया, जबकि निधि कुमारी ने कड़े मुकाबलों के बीच शानदार खेल दिखाते हुए चौथा स्थान हासिल किया।

मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षक ने माता से आगे भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर निधि की माता ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और वह चाहती हैं कि उनकी बेटी आगे भी इसी तरह मेहनत कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करे। कोच दिनेश कुमार ने बताया कि ज्वालामुखी में नियमित रूप से कराटे का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, नियमित एक्सरसाइज करने और खेलों की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ज्वालामुखी के खिलाड़ी कराटे में और भी पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

राजकुमार और निधि ने कहा कि माता ज्वाला के दर्शन कर उन्हें बहुत अच्छा लगा और आशीर्वाद लेकर उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है। दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि वे आगे और अधिक मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करेंगे। वहीं चीफ इंस्ट्रक्टर आर. पी. डोगरा ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ज्वालामुखी के कराटे खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छुएंगे। राष्ट्रीय उपलब्धि के बाद मंदिर दर्शन ने खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है।

संवाददाता:पंकज शर्मा