ज्वालामुखी में करवा चौथ की रौनक, बाजारों में उमड़ी भीड़

उज्जवल हिमाचल ।ज्वालामुखी

करवा चौथ नजदीक आते ही ज्वालामुखी में बाजारों की रौनक लौट आई है। नवरात्रों के फीके रहने के बाद अब एक बार फिर से बाजार गुलजार हो उठे हैं। सुबह और शाम के समय बाजारों में खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। महिलाएं चूड़ी, बिंदी, साड़ियों, लिपस्टिक, करवा सेट, छलनी और साज-सज्जा के सामान की जमकर खरीदारी कर रही हैं।
दुकानदारों के चेहरों पर भी लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई है। बरसात और मंदे के कारण ठप पड़ा कारोबार अब पटरी पर लौटने लगा है। दुकानदारों का कहना है कि करवा चौथ से त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में अहोई अष्टमी व दिवाली तक बाजारों में इसी तरह रौनक बनी रहेगी।

स्थानीय दुकानदार सुमन्यु सूद ने बताया कि इस बार महिलाएं करवा चौथ को लेकर बेहद उत्साहित हैं। बाजारों में पारंपरिक साज-सज्जा के साथ-साथ आधुनिक फैशन के सामान की भी मांग बढ़ गई है। हर दुकान पर भीड़ है और ग्राहकों की चहल-पहल से बाजारों में त्योहार का माहौल छा गया है।

वहीं मिठाई विक्रेता अमित चौधरी ने बताया कि फैनी, मठी, सेवइयां और तरह-तरह की मिठाइयों की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक सुबह से लेकर देर रात तक दुकानों पर पहुंच रहे हैं। कारीगर भी दिन-रात मिठाई तैयार करने में जुटे हुए हैं ताकि बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। करवा चौथ, जो 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा, को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। बाजारों में खरीदारी के साथ-साथ त्योहारी उमंग ने पूरे ज्वालामुखी क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया है।

संवाददाता :पंकज शर्मा