उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
कांगड़ा, 2025 – देशभर के 50 से अधिक प्रमुख शहरों में आयोजित की जा रही “अस्मिता खेलो इंडिया वेटलिफ्टिंग विमेन लीग 2025” का एक महत्वपूर्ण चरण 27 जुलाई 2025 को हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान Himachal Institute of Engineering and Technology (HIET), शाहपुर में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय (Ministry of Youth Affairs & Sports, Govt. of India) द्वारा खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत पूरे देशभर में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को खेलों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।

यह प्रतियोगिता HIET परिसर में संचालित धौलाधार वेटलिफ्टिंग अकादमी में आयोजित हो रही है, जो क्षेत्र में महिला एवं युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने का केंद्र बन चुकी है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य देश की उभरती हुई महिला खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना और वेटलिफ्टिंग जैसे खेल में उनकी भागीदारी को और मजबूत करना है।
इस अवसर पर वेटलिफ्टिंग के अंतरराष्ट्रीय रेफरी प्रदीप शर्मा, हिमाचल वेटलिफ्टिंग संघ के महासचिव राज कुमार, तथा HIET ग्रुप के प्रबंध निदेशक दुश्यंत कायस्था ने भारतीय वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यादव के मार्गदर्शन और सहयोग से यह आयोजन हिमाचल में संभव हो पाया है, जो पूरे प्रदेश के लिए एक गर्व की बात है। सहदेव यादव के भरपूर प्रयासों के कारण ही हिमाचल में इस तरह के आयोजन हो पा रहे हैं, जिनकी गूंज पूरे देशभर में सुनाई दे रही है। उनके प्रयासों से हिमाचल प्रदेश से विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों में वेटलिफ्टिंग के प्रति उत्साह बढ़ा है और अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर सामने आ रहे हैं।
HIET शाहपुर इस आयोजन का हिस्सा बनकर गौरव महसूस कर रहा है। संस्था के प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने प्रतियोगिता की सभी तैयारियों को व्यवस्थित रूप से पूर्ण किया है, जिससे प्रतिभागियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और प्रेरणादायक माहौल प्राप्त हो सके। प्रतियोगिता में देशभर से आई हुई महिला वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी अपनी ताकत, कौशल और समर्पण का प्रदर्शन करेंगी। यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं विशेषकर बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

HIET ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर दुश्यंत कायस्था ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हिमाचल प्रदेश विशेषकर कांगड़ा को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने सभी खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। यह आयोजन “खेलो इंडिया” अभियान की भावना – “खेलो इंडिया, फिट रहो इंडिया” – को साकार करता है और भारत की भावी महिला चैंपियनों को आगे लाने में अहम भूमिका निभाता है।





