कुलभाष चौधरी की पहल, उम्मीद फाउंडेशन के साथ मिलकर बदली अब्दुलापुर कबड्डी लीग की तस्वीर

उज्ज्वल हिमाचल । कांगड़ा

अब्दुल्लापुर में आयोजित अब्दुल्लापुर कबड्डी लीग ने खेल और नशा मुक्ति के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की। इस भव्य आयोजन की नींव रखने और इसे सफल बनाने में पूर्व बीडीसी चेयरमैन एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कुलभाष चौधरी ने इस आयोजन को केवल कबड्डी टूर्नामेंट तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के अभियान के रूप में आगे बढ़ाया। उनके प्रयासों से अब्दुल्लापुर की धरती पर प्रो-कबड्डी के कई बड़े सितारे एक ही मंच पर नजर आए।

लीग में हिमाचल कबड्डी के पूर्व कप्तान अजय ठाकुर, प्रो कबड्डी स्टार रोहित राणा, विशाल भारद्वाज तथा उमुम्बई से खेलने वाले प्रो कबड्डी खिलाड़ी सुरिंदर सिंह सहित लगभग 10–12 प्रो स्टार कबड्डी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े स्तर के खिलाड़ियों का अब्दुल्लापुर में खेलना स्थानीय युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। फाइनल मुकाबले से पहले मुख्य अतिथि कुलभाष चौधरी ने राष्ट्रीय गान के साथ फाइनल मैच का शुभारंभ किया। कुलभाष चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक टूर्नामेंट करवाना नहीं है, बल्कि कांगड़ा जिले की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मंच तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसे आयोजन लगातार करवाए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें खेलों की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने उम्मीद फाउंडेशन के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि संस्था ने नशे के खिलाफ जागरूकता तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की है। कुलभाष चौधरी ने घोषणा की कि आने वाले समय में लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए महिला कबड्डी लीग आयोजित करवाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में प्रो कबड्डी खिलाड़ी सुरिंदर सिंह की टीम विजेता रही। सुरिंदर सिंह उमुम्बई के लिए खेलते हैं। प्रो खिलाड़ियों की मौजूदगी और हजारों दर्शकों के उत्साह ने फाइनल मुकाबले को यादगार बना दिया।

यह पूरा आयोजन उम्मीद फाउंडेशन एवं ग्राम पंचायत अब्दुल्लापुर के सहयोग से आयोजित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में उम्मीद फाउंडेशन के सुदर्शन, अश्वनी, दिनेश, सुरेश, सूरज, वनेश, टिंकू, मुनीश, विनोद और विकास सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब्दुल्लापुर कबड्डी लीग ने यह साबित किया कि मजबूत नेतृत्व, समाज का सहयोग और युवाओं की ऊर्जा मिलकर खेल के माध्यम से नशे के खिलाफ एक बड़ा संदेश दे सकते हैं। कुलभाष चौधरी का यह संकल्प अब कांगड़ा के युवाओं के लिए खेल के नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आया है।

ग्राम पंचायत अब्दुल्लापुर के प्रधान संजय कांचा ने कहा कि अब्दुल्लापुर कबड्डी लीग का आयोजन पहली बार इस स्तर पर किया गया है और इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों की ओर आकर्षित करना है। इस अवसर पर ग्राम पंचयत कोहाला प्रधान रंजना देवी, उपप्रधान रविंदर, ग्राम पंचायत इच्छी खास प्रधान इकबाल गुलरिया, ग्राम पंचायत दुगियारी प्रधान निशा, बीडीसी सदस्य ज्योति, उपप्रधान नदेहड़ नीलू , बीडीसी ज़मानाबाद विनय चेतू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।