उज्ज्वल हिमाचल। बिलासपुर
शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंगरोट के पास भूमि विवाद एक बार फिर उत्पन्न हो गया है। एक बार फिर राजन कांत शर्मा निवासी मंगरोट द्वारा इस नेशनल हाई-वे को बाधित कर दिया गया है। अब इस नेशनल हाई-वे पर वन वे ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। एनएच पर भारी भरकम मिट्टी और पत्थर के ढेर लगा दिए गए हैं। हालांकि यह विवाद लंबे समय से चला हुआ है। लेकिन इसका कोई भी स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। राजनकांत शर्मा द्वारा इसे लेकर कई बार प्रयास किए गए, लेकिन समस्या समाधान नहीं किया गया है।
कई बार यह एनएच मंगरोट के पास बाधित हो चुका है। बताया जा रहा है कि यह मसला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग के ध्यान में है लेकिन फिर इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। इस बारे में एसडीएम सदर डा. राजदीप सिंह ने कहा है कि उन्हें सूचना मिली है और इस ओर उचित कदम उठाए जा रहे हैं। रजनीकांत शर्मा का कहना है कि उन्हें उनकी भूमि पर कब्जा नहीं दिया जा रहा है। उनकी भूमि लोक निर्माण विभाग के पास पाई गई है, लेकिन अधिकारी इसमें आनाकानी कर रहे हैं। इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा निशानदेही भी की गई है। वहीं, रजनीकांत शर्मा की माता सीता देवी शर्मा का कहना है कि उन्हें बेवजह तंग किया जा रहा है।





