कुल्लू में भूस्खलन ने मचाई भयंकर तबाही, घर के ऊपर गिरा मलवा, महिला की गई जान

उज्ज्वल हिमाचल। कुल्लू

जिला में बारिश और भूस्खलन से तबाही जारी है। मंगलवार सुबह ढालपुर में भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। वहीं घर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। कड़ी मशक्त के साथ महिला को पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबे के बीच से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भेजा। भूस्खलन होने से जैसे ही मलबा घर के ऊपर गिरा, तो क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। इसकी सूचना पुलिस विभाग को दी। मौके पर तुरंत पुलिस की टीम पहुंची और रेस्क्यू कार्य आरंभ कर दिया है। ढालपुर में 57 वर्षीय लता देवी मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे के आसपास अपने घर के पिछली तरफ किसी काम से गई थी। इस दौरान भूस्खलन होने से वह मलबे की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

एक ग्रामीण ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी मलबे की चपेट में आने से घायल हो गया। महिला आंगनबाड़ी में कार्यरत थी। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाने से हैड कांस्टेबल गोपाल सिंह व गौरव सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया और महिला को मलबे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना की पुष्टि एसपी कुल्लू डा. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने की है।