नवरात्रि समापन की ओर, फिर भी नहीं हीं चल सकी कांगड़ा मंदिर मार्ग में लगी एलईडी लाइट

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा मेन बाजार से मंदिर बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित एलईडी काला अक्षर भैंस बराबर लगी हुई प्रतीत होती है। वर्षों से यह एलईडी बंद पड़ी है। जिसकी और किसी का भी ध्यान इसे चलाने के लिए नहीं जा रहा है हालांकि प्रशासन मीडिया में आकर इसे हर बार चलाने की बात तो करता है लेकिन यह एलईडी इसी तरह से कईं वर्षों से बंद पड़ी रहती है। यह एलईडी लॉकडाउन से भी पहले मंदिर मार्ग की ओर लगाई गई थी।

तब नगरपरिषद एलईडी का रखरखाव करती थी। लेकिन जैसे जैसे समय बीतता गया इस एलईडी पर केवल धूल की परत जमती गई। इसी एलईडी के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर के दर्शन, आरती दिखाई जाती थी। नवरात्रों के दौरान अन्य राज्यों के पहली बार आए श्रद्धालु इसी एलईडी के माध्यम से देखकर मंदिर मार्ग के बारे में जानकारी प्राप्त करते थे। समय समय पर कुछ विशेष प्रसारण जैसे खबरें, क्रिकेट मैच के फाइनल मुकाबले आदि इसी एलईडी के माध्यम से प्रसारित किए जाते थे। अब देखना यह यह कि खबर लगने के बाद भी क्या प्रशासन या नगरपरिषद द्वारा इस एलईडी की साफ सफाई करके इसे जनता के लिए चलाया जाएगा या मात्र ये काला अक्षर भैंस बराबर ही साबित होगी।

इसी एलईडी के साथ नगरपरिषद ने लाखों रुपए मासिक किराए पर नवनिर्मित कैफे भी किराए पर दिया हुआ है लेकिन एलईडी को फिर से चलाने की ओर किसी ने नहीं सोचा। इस एलईडी के माध्यम से बाण गंगा घाट के बारे में जानकारी श्रद्धालुओं को दी जा सकती है, बज्रेश्वरी मंदिर के बारे में भी इसी एलईडी के माध्यम से जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जा सकती है। कांगड़ा के प्रसिद्ध शक्तिपीठों, धार्मिक स्थानो, ऐतिहासिक कांगड़ा किला, मशहूर जगहों के बारे में भी इस एलईडी के माध्यम से जनता को दिखाया जा सकता है। हर रोज देश विदेश के हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से मंदिर की ओर गुजरते है। ऐसे में यदि यह एलईडी नियमित रूप से चलाई जाए तो जनता के साथ साथ श्रद्धालुओं को भी बेहतरीन जानकारियां इस एलईडी के माध्यम से कांगड़ा जिले के बारे में मिल सकेगी।

संवाददाता: अंकित वालिया

Please share your thoughts...