गुप्त नवरात्रि के लगने से पहले दुल्हन की तरह सजा मां ज्वालामुखी मंदिर

ज्वालामुखी मंदिर में आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि का 6 जुलाई से होगा आगाज

उज्ज्वल हिमाचल। ज्वालामुखी
विश्वविख्यात ज्वालामुखी मंदिर में आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि का आगाज 6 जुलाई से हो रहा है। गुप्त नवरात्रे 6 जुलाई से 15 जुलाई तक चलेंगे। इसी उपलक्ष्य पर शक्तिपीठ ज्वालामुखी मन्दिर को रंग बिरंगे फूलों व तोरण द्वारों से सजाया जा रहा है, ताकि यहां गुप्त नवरात्रों में आने वाले भक्त भाव विभोर हो जाये और ज्वाला माता के प्रति उनकी आस्था और विश्वास और गूढ़ हो जाए। इन्ही गुप्त नवरात्र की अष्टमी को माता ज्वालामुखी का प्रकटोत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा। गुप्त नवरात्र में पुजारी वर्ग व विद्वान पंडित लाखों की संख्या में विश्व कल्याण और विश्व शांति  हेतु जप, पूजा व पाठ लगातार 9 दिन तक करेंगे।
गुप्त नवरात्रों में मां ज्वाला के मूल मंत्र, बटुक भैरव, गणपति, गायत्री व दुर्गा सप्तशती व अन्य जप व पाठ किए जाएंगे।
पुजारी व न्यास सदस्य अविनेद्र शर्मा ने बताया कि आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्र प्राचीन परम्पराओ को निभाते हुए शुरू होंगे और विश्व कल्याण हेतु सभी पुजारी वर्ग लाखो की संख्या में जप, पाठ करेंगे और 13 जुलाई रात को माँ ज्वाला का प्रकटोत्सव मनाया जाएगा और विशेष पूजन होगा। इसी उपलक्ष्य पर  पर दरबार को रंग बिरंगे फूलों व तोरण से सजाया जा रहा है।

Please share your thoughts...