महर्षि विद्या मंदिर स्कूल कांगड़ा में तीन दिवसीय इन-हाउस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

महर्षि विद्या मंदिर स्कूल कांगड़ा में परम पूज्य महर्षि महेश योगी के आशीर्वाद एवं चेयरमैन ब्रह्मचारी गिरीश के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय इन-हाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा ने की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और उनकी गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाना रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन का शुभारंभ गुरु पूजा, ट्रांसेंड मेडिटेशन और जय गुरुदेव के उद्घोष के साथ हुआ। इसके बाद, प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा ने रिसोर्स पर्सन अनुराग शर्मा, प्रिंसिपल, गैलेक्सी पब्लिक स्कूल, नगरोटा सूरियां, का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर, अनुराग शर्मा ने शिक्षकों को महत्वपूर्ण विषय पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने एनईपी – 2020 के उद्देश्यों एवं शिक्षा के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डाला और निरंतर शिक्षक प्रशिक्षण के महत्व को समझाया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर, विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और जागरूक शिक्षक ही विद्यार्थियों के समग्र विकास की मजबूत नींव रख सकता है।