महर्षि विद्या मंदिर कांगड़ा में दूसरे दिन गुरु पूजन व ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन से हुआ शुभारंभ

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

महर्षि विद्या मंदिर स्कूल कांगड़ा में परम पूज्य महर्षि महेश योगी के आशीर्वाद तथा माननीय चेयरमैन ब्रह्मचारी गिरीश के मार्गदर्शन में आयोजित इन-हाउस शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ गुरु पूजन एवं ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा ने रिसोर्स पर्सन एवं प्रिंसिपल अनुराग शर्मा का स्वागत एवं सम्मान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स पर्सन अनुराग शर्मा ने भारतीय ज्ञान परंपरा एवं वोकेशनल एजुकेशन के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत, उसके मूल सिद्धांतों तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही वोकेशनल एजुकेशन के माध्यम से विद्यार्थियों में कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और व्यावहारिक ज्ञान की भावना विकसित करने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को ध्यान के विभिन्न पहलुओं तथा ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, वोकेशनल एजुकेशन एवं ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन का समन्वय शिक्षा को अधिक समग्र, मूल्यपरक एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं चेतना के विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम हैं।