महर्षि विद्या मंदिर स्कूल कांगड़ा को मिला राज्य बोर्ड का प्रथम ‘श्रेष्ठ विद्यालय ‘ पुरस्कार

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

महर्षि विद्या मंदिर पब्लिक हाई स्कूल, कांगड़ा ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय को वर्ष 2025 – 2026 के लिए माध्यमिक राज्य बोर्ड प्रथम ‘श्रेष्ठ विद्यालय ‘पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विशेष बात यह है कि विद्यालय ने लगातार दूसरी बार यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्टता और उपलब्धियों का परचम लहराया है।

यह सम्मान 24 से 26 अक्टूबर तक महर्षि सेंटर फॉर एजुकेशन एक्सीलेंस, भोपाल (लांबाखेड़ा) में आयोजित महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक समारोह के दौरान प्रदान किया गया। इस तीन दिवसीय समारोह में देश के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 450 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान नेशनल कैंप ऑफिस की ओर से महर्षि विद्या मंदिर स्कूल, कांगड़ा को माध्यमिक राज्य बोर्ड श्रेणी में प्रथम ‘ श्रेष्ठ विद्यालय ‘पुरस्कार से नवाजा गया। यह सम्मान माननीय चेयरमैन एवं वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश वर्मा जी द्वारा विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा जी को ‘श्रेष्ठ स्कूल ‘अवार्ड देकर साथ में एक लाख इक्यावन हज़ार रुपये की राशि से सम्मानित किया गया।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्या कुमारी पूजा शर्मा जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों, निरंतर मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।

लगातार दूसरी बार प्राप्त इस सम्मान से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता बनाए रखने और नई ऊंचाइयों को छूने की प्रेरणा प्रदान करती है।

Please share your thoughts...